स्पा सेंटर में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप 

Spread the love

आलापुर, अम्बेडकरनगर।( लालमणि गौड़) रामनगर बाजार में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटर में युवक अजय निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। घटना के बाद परिजनों की ओर से हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद आलापुर पुलिस मुकदमा पंजीकृत करने में आनाकानी कर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। मृतक के परिजन न्याय की आस में पुलिस और प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।

मृतक अजय निषाद भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला कार्यसमिति सदस्य सुनील निषाद के भाई बताए जा रहे हैं। सत्ता पक्ष से जुड़े परिवार में हुई इस घटना के बावजूद पुलिस की कार्यवाही पर और आलापुर के थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर परिजनों ने गम्भीर सवाल उठाते हुए इसे बहुत शर्मनाक बताया है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया परिजनों की चीख पुकार से गांव गमगीन हो गया। अजय निषाद के अन्तिम संस्कार में लोगों का आक्रोश थानाध्यक्ष आलापुर पर भड़क गया जिसे थानाध्यक्ष जहांगीरगंज रितेश कुमार पांडेय ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्यवाही का भरोसा देकर शान्त कराया। परिजन इतने अक्रोशित्त हो गए कि थानाध्यक्ष आलापुर शशांक शुक्ला को देखते ही शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम करने का प्रयास किया लेकिन जहांगीरगंज थाना प्रभारी ने स्थिति को संभाला। मृतक के परिवार वाले स्पा सेन्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग कर रहे हैं। भारी पुलिस बल के साथ मृतक अजय निषाद का अंतिम संस्कार चहोड़ा घाट पर किया गया। घटना  20 नवंबर 2026 को अजय निषाद रामनगर चौराहे पर पहुंचे थे। इसके बाद वह रामनगर बाजार स्थित एक स्पा सेंटर में गए, जहां कुछ समय बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *