चन्दौली। भारतीय युवा शक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में दिव्यांगजनों ने प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि दिव्यांगजनों का बिजली कनेक्शन जोड़ते हुए उनका बिजली बिल माफ किया जाए, अंत्योदय राशन कार्ड से वंचित दिव्यांगजनों के कार्ड तत्काल जारी किए जाएं और प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र दिव्यांगजनों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी मांगों पर त्वरित एवं उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों के बिजली बिल माफी, राशन कार्ड और आवास की मांग को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
