नौगढ़। तहसील मुख्यालय ग्राम बाघी में लोक आस्था महाछठ पर सोमवार को मां दुर्गा पोखरे पर श्रद्धा और भक्ति का नजारा देखने को मिला। इस पर्व पर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने हजारों की संख्या में पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और भक्ति में गीतों से गूंजायमान कर दिया। उदयाचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने घंटों तक पानी में खड़ा रहकर अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा हेतु हर प्रकार की व्यवस्था दी गई। अनहोनी से बचाने के उद्देश्य से पोखर में नाव पर बैठकर सुरक्षा कर्मी चक्रमण करते रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप और दौउरा लेकर घाट पर पहुंची और उदयाचल गामी सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही सुख शांति और समृद्धि की कामना की। अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ पर्व धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी गण एवं क्षेत्रिय नागरिक गण उपस्थित रहे।
उदयाचल सूर्य को अर्घ्य के साथ ही सम्पन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व
