संबलपुर, ।: भारत सरकार के कोयला सचिव विक्रम देव दत्त, आईएएस, ने गुरुवार को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की परिचालन गतिविधियों एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान दत्त ने विभिन्न परिचालन मानकों पर एमसीएल के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कंपनी को कोल इण्डिया की सबसे युवा, तकनीकी दक्षता एवं विकास की उज्ज्वल संभावनाओं से युक्त प्रगतिशील और प्रौद्योगिकी-संचालित अनुषंगी कंपनी बताया।
बैठक में एमसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) उदय अनंत काओले ने कंपनी के वर्तमान परिचालन, डिजिटल पहलों, विविधीकरण की संभावनाओं एवं चुनौतियों के संबंध में कोयला सचिव को अवगत कराया। वहीं, मुख्य सतर्कता अधिकारी सम्बीत सौरव नायक ने एमसीएल द्वारा संचालित विभिन्न सतर्कता संबंधी पहलों की जानकारी दी। बैठक में निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार झा, निदेशक (वित्त) निर्मल कुमार सिंह, समस्त परिचालन क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।
कोयला सचिव ने विभिन्न परिचालन चुनौतियों के बावजूद देश को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने में कोयला क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण को अधिकतम स्तर तक पहुंचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ प्रयास करने का आह्वान किया।
कुशल कोयला निकासी के महत्व पर बल देते हुए दत्त ने विभिन्न रेलखंडों में कोयला परिवहन क्षमता बढ़ाने के लिए भारतीय रेल के साथ जारी विचार-विमर्श का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) परियोजनाएं भारत सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने उत्पादन वृद्धि के अनुरूप कोयला निकासी अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा कोयला आपूर्ति व्यवस्था की समग्र दक्षता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
बैठक का समापन उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन एवं कंपनी के प्रति बहुमूल्य योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को कोयला सचिव श्री विक्रम देव दत्त द्वारा सम्मानित किए जाने के साथ हुआ।
