सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 7 नवंबर 2026 को प्रशासनिक भवन परिसर में एनटीपीसी लिमिटेड का 52 वाँ स्थापना दिवस गर्व एवं उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ श्री किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल), द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात एनटीपीसी गीत का गायन एवं श्री होता का प्रेरणादायी संबोधन हुआ। कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं सहयोगियों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने कोयला आधारित विद्युत उत्पादक से विविध ऊर्जा क्षेत्रों में अग्रणी संस्थान बनने तक एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास, वित्तीय प्रदर्शन एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में संगठन की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भारत की प्रगति एवं ऊर्जा परिवर्तन के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), मनीष कुमार राय, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ), डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएँ), देवब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ एवं परियोजनाएँ), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफ एम), सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफ एम), टी एन सीतारमण , महाप्रबंधक(रसायन), अनिरुद्ध सिंह, मानव संसाधन प्रमुख(विंध्याचल), सुहासिनी संघ की पदाधिकारीगण, विद्यालयों के प्राचार्य एवं सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।
समारोह का प्रमुख आकर्षण कॉर्पोरेट सेंटर से गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड, के संबोधन का सीधा प्रसारण रहा। एनटीपीसी परिवार को बधाई देते हुए उन्होंने संगठन के नेतृत्व को सुदृढ़ बनाए रखने में नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा एवं प्रचालन उत्कृष्टता के महत्व पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में संगठन की महत्वाकांक्षी कार्ययोजना प्रस्तुत की। सामूहिक गौरव, एकता एवं साझा आकांक्षाओं के प्रतीक स्वरूप केक काटा गया तथा गुब्बारे छोड़े गए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट योगदान एवं अनुकरणीय कार्य प्रदर्शन के लिए एनटीपीसी विंध्याचल के कर्मचारियों को 07 ‘पावर एक्सेल अवॉर्ड’ एवं 02 ‘एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ प्रदान किए गए। हर्षोल्लास के साथ संपन्न समारोह में परियोजना की टीम भावना, प्रतिबद्धता एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का सफल समन्वय मानव संसाधन, नगर प्रशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभागों के सामूहिक प्रयासों से किया गया।
