सात प्रमुख ट्रेनों में की गई जांच, अनबुक्ड लगेज के मामलों में ₹4,180 तथा अन्य अनियमितताओं में ₹1,100 की वसूली
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मंडल द्वारा रेल राजस्व में वृद्धि, पार्सल एवं लगेज से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनबुक्ड लगेज (बिना बुक किए सामान) के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 05 नवंबर को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट), श्रीमती शीरत फातिमा के निर्देशान में प्रयागराज जंक्शन पर अनबुक्ड लगेज की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 12582, 20802, 12428, 12418, 12802, 12562 एवं 15657 में सघन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना बुक किए लगेज का परिवहन करने के मामलों में नियमानुसार कुल ₹4,180 का शुल्क वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त रेलवे अधिनियम की धारा 145 एवं 147 के अंतर्गत अन्य अनियमितताओं के मामलों में ₹1,100 का जुर्माना/शुल्क वसूल किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल ₹5,280 की वसूली की गई। इस विशेष अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सोम नाथ पाल एवं संजय कुमार तथा मुख्य टिकट कलेक्टर (वाणिज्य) अजीत कुमार, विकास यादव, रोमा एवं आकांक्षा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान को नियमानुसार बुक कराकर ही परिवहन करें। बिना बुक किए सामान ले जाने से न केवल रेलवे के राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि यात्री डिब्बों में अन्य यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। प्रयागराज मंडल द्वारा इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि रेल नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।
