कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी के मुकाबलों से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
सिंगरौली। ग्रामीण युवाओं में खेल भावना विकसित करने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंडालको महान के सीएसआर विभाग द्वारा ग्राम ओडगड़ी में अंतर-ग्राम खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 18 गांवों की 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसे पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।प्रतियोगिता का शुभारंभ हिंडालको महान के मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह तथा ग्राम सरपंच शिव शंकर (मुन्ना) ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर देने की। हिंडालको महान का प्रयास है कि आसपास के गांवों के युवा खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को पहचान दें और आगे बढ़ें।
सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि हिंडालको महान अपने सामाजिक दायित्वों के तहत शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल एवं युवा विकास को भी विशेष महत्व देता है। अंतर-ग्राम खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य गांवों के युवाओं को एक साझा मंच पर लाना, आपसी सद्भाव बढ़ाना और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्राम सरपंच शिव शंकर वैश्य (मुन्ना) ने आयोजन के लिए हिंडालको महान प्रबंधन एवं सीएसआर विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि 18 गांवों की भागीदारी से आपसी भाईचारा, एकता और खेल भावना को मजबूती मिलेगी। ग्राम पंचायत की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम में सीएसआर विभाग से राजीव रंजन, शीतल, धीरेंद्र तिवारी, दीपक एवं अरविंद सहित अन्य गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। हिंडालको महान की यह पहल ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और गांवों के बीच आपसी सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
