अहरौरा, मिर्जापुर। क्षेत्र के बरही गांव में स्थित बेचूबीर बाबा की चौरी पर 18 नवंबर से 20 नवम्बर तक चलने वाले बेचूबीर मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर मेले में आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने की मांग किया है।
उक्त जानकारी देते हुए बेचूबीर मेला व्यवस्थापक रोशन लाल यादव ने बताया की राज्यमंत्री संजीव गौड़ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया है की अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल ग्राम पंचायत में स्थित बरही गांव में बेचूबीर धाम स्थित है जहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
इसी स्थान पर कार्तिक माह की अष्टमी से लेकर एकादशी तक 18 से 20 नवम्बर तक बेचूबीर मेले का आयोजन होता है जिसमें देश के कई राज्यों से और उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों से तीन से पांच लाख की भीड़ होती है। एकादशी की भोर मनरी बजने के साथ मेला समाप्त होता है। राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से मेला को सकुशल संपन्न कराने के साथ ही मेला स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ ही पेयजल,, चिकित्सा, साफ सफाई, का इंतजाम करवाने के साथ ही पुजारी एवं उनके परिजनों की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था देने का अनुरोध किया है। राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजा है।
