एक नवंबर को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में लगेगा मेगा कैंप, पात्र लोगों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

Spread the love

*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल, लाभार्थियों को चिह्नित कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश*

वाराणसी। जनपद में पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आगामी एक नवंबर को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन सभागार में मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

      मेगा कैंप की कार्ययोजना तैयार करने के लिए बुधवार को कचहरी परिसर स्थित मनोरंजन कक्ष सभागार में समस्त विभागीय प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी मेगा कैंप आलोक कुमार ने की। इसमें जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में शिविर के सफल आयोजन, पात्र लाभार्थियों की पहचान तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेगा कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि पात्र लोगों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि मेगा कैंप के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर प्री-कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी मिल सके और वे संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लाभार्थियों की सूची तैयार करने और समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है।

      बैठक में अपर जिला जज प्रथम संध्या श्रीवास्तव, अपर जिला जज सर्वजीत सिंह, अपर जिला जज युगल किशोर विक्रम सिंह सहित जनपद के विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों से निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने और मेगा कैंप को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *