मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह एवं बैठक का आयोजन  

Spread the love

 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता बनाए रखने का लिया संकल्प

 प्रयागराज ।  केंद्रीय सतर्कता आयोग के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार के नेतृत्व में एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम. एम. वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार की उपस्थित में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार उन्मूलन तथा अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर्स) विपुल कनौजिया की अध्यक्षता में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। सतर्कता जागरूकता अभियान की अवधि 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह की अवधि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। यह अभियान *‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’* थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार; अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम. एम. वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार एवं शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर्स) विपुल कनौजिया ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रगति में एक बड़ी बाधा है। इसके उन्मूलन के लिए सरकार, नागरिकों तथा निजी क्षेत्र सहित सभी संबंधित पक्षों को मिलकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं सुशासन के उच्चतम मानकों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

बैठक में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग) गुंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इलेक्ट्रिक) कृष्ण कान्त, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ट्रैफिक) जे. संजय कुमार तथा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (मैकेनिकल) ऋषिरज ने पूर्व के मामलों के उदाहरणों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने सभी को पारदर्शी, ईमानदार एवं नियमसम्मत तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सतर्कता जागरूकता अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में नैतिकता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इस दौरान निवारक सतर्कता संबंधी पहलों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) वाले सप्ताह में मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *