तेज हवाओं के साथ बिगड़ेगा मौसम, जिलाधिकारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
सोनभद्र। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) द्वारा अवगत कराया गया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं प्रभाव आधारित चेतावनी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव क्षेत्र के आगामी दिनों में चक्रवाती तूफान में तीव्र होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने तथा दिनांक 28 अक्टूबर, 2026 से बेमौसम वर्षा का एक और दौर शुरू होने की संभावना व्यक्त की गई है।
उक्त पूर्वानुमान के दृष्टिगत जनपद सोनभद्र में 28 अक्टूबर को गरज-चमक एवं वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 29, 30 एवं 31 अक्टूबर को तेज हवाओं, गरज-चमक एवं वज्रपात के साथ भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनपद वासियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता बरतें तथा संभावित आपदा से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं। तेज हवा एवं वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों, टिनशेड तथा कमजोर होर्डिंग के नीचे खड़े न हों और किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसान भाई मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए फसलों की कटाई एवं मड़ाई का कार्य सावधानीपूर्वक करें तथा खुले में रखे अनाज को सुरक्षित करने की व्यवस्था करें।
