प्रयागराज मंडल द्वारा वृद्ध रेल पेंशनरों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने में दी जा रही सहायता

Spread the love

 वरिष्ठ एवं आवागमन में असमर्थ पेंशनरों की सुविधा के लिए कार्मिक विभाग की पहल*

  प्रयागराज ।  मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन  एवं वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी, वैभव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वरिष्ठ रेल पेंशनरों तथा आवागमन में कठिनाई का सामना करने वाले पेंशनरों की सुविधा के लिए घर पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate–जीवन प्रमाण) तैयार करने में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना तथा पेंशनरों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है। इसके माध्यम से विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों को राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें अधिक आयु अथवा शारीरिक असुविधा के कारण बैंक या संबंधित कार्यालय तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

इसी क्रम में 25 अक्टूबर 2026 को संबंधित कर्मचारियों ने पेंशनरों के आवास पर पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया। कर्मचारियों द्वारा मोबाइल आधारित प्रक्रिया, डिजिटल सत्यापन तथा जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के संबंध में पेंशनरों को जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान तकनीकी प्रक्रिया को समझाने और उसके उपयोग में सहायता करने पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि पेंशनर डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र तैयार कराने की प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकें।

इस पहल का प्रमुख उद्देश्य वरिष्ठ रेल पेंशनरों को उनके घर पर ही आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। घर पर सहायता मिलने से पेंशनरों को बैंक अथवा कार्यालय तक आने-जाने में होने वाली असुविधा कम करने तथा उनके समय और श्रम की बचत में मदद मिलती है। साथ ही, डिजिटल प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन मिलने से पेंशनरों को तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाने में भी सहायता मिलती है। यह प्रयास सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।

प्रयागराज मंडल का कार्मिक विभाग रेल पेंशनरों की सुविधा, सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने में सहायता की यह पहल वरिष्ठ पेंशनरों के प्रति रेल प्रशासन की संवेदनशीलता और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने के प्रयासों को रेखांकित करती है। इससे रेल प्रशासन और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के बीच सहयोग एवं विश्वास को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *