मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने किया प्रयागराज, मानिकपुर खंड का निरीक्षण

Spread the love

प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने प्रयागराज-मानिकपुर खंड का निरीक्षण किया । निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रयागराज-मानिकपुर खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया । इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक / समन्वय, डॉ. शिवम शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक /कोचिंग, हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर / सामान्य, अखिलेश कुमार; वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर / परिचालन, आकाश श्रीनेत्र; वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर / परिचालन, वीरेन्द्र वर्मा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर / समन्वय, प्रमोद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

ज्ञात हो कि विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण भारतीय रेल में एक विशेष निरीक्षण है, जिसमें चलती ट्रेन से निरीक्षण कार की पिछली खिड़की से ट्रैक और उसके आसपास के प्रतिष्ठानों जैसे सिग्नल, ओएचई, प्लेटफॉर्म आदि का निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान, मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों की सफाई, यात्री सुविधाएं और समग्र स्थिति, विशेष रूप से प्वाइंट और क्रॉसिंग पर ट्रेन की सवारी की गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स (टीजीआई) में सुधार, ओएचई स्थिति, समपार फाटकों की स्थिति, सिग्नल दृश्यता, सिग्नल बाक्स की स्थिति,  जैसे महत्वपूर्ण पैरामीटर आदि मण्डल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मण्डल द्वारा देखे गए।

निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने सर्वप्रथम शंकरगढ़ स्टेशन का दौरा किया। यहाँ उन्होंने इंजीनियरिंग एवं सिग्नल प्रणाली, स्टोर तथा परिचालन पैनल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही समपार फाटक संख्या 415 की संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की । स्टेशन पर स्थित आरक्षण कार्यालय, टिकट बुकिंग कार्यालय तथा निर्माणाधीन वेटिंग हॉल का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। इसके पश्चात डभौरा स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहाँ सर्कुलेटिंग एरिया एवं निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की सुविधा हेतु वाटर कूलर पर शेड तथा यात्री शेड के विस्तार के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनरल कोचों के सामने पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मानिकपुर स्टेशन का दौरा किया गया, जिसका विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। यहाँ चल रहे निर्माण कार्यों एवं यात्री सुविधाओं, विशेषकर पेयजल व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त लॉबी एवं रनिंग रूम का भी निरीक्षण कर लोको पायलट एवं गार्ड को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा खानपान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *