*परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने रिमोट दबाकर किया रावण दहन*
अंबेडकरनगर। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पर्व एनटीपीसी टांडा के आवासीय परिसर में हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। भव्य रावण दहन, आकर्षक आतिशबाजी, रामलीला के सजीव मंचन और दुर्गापूजा के आयोजनों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।मंगलवार, 20 अक्टूबर को आयोजित रावण दहन समारोह में एनटीपीसी टांडा के परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने रिमोट दबाकर रावण के पुतले का दहन किया। पुतले के धू-धूकर जलते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
इसके बाद हुई आकर्षक आतिशबाजी ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया।इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने जनपदवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर अच्छाइयों को अपनाने का संदेश देता है। उन्होंने रामलीला मंचन समिति, कलाकारों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुभाष कुमार सिंह, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) रजनीश कुमार खेतान तथा गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा विनीता सिन्हा सहित मंडल की सदस्याएं और एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता कर इसकी शोभा बढ़ाई।
