सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में गोताखोरों, नावों एवं पुलिस बल की रहेगी व्यवस्था
सोनभद्र। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने धंधरौल बांध स्थित विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल की स्थिति, साफ-सफाई, सड़क मार्ग, बैरिकेडिंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री गौड़ ने विसर्जन स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाकर मार्ग को सुगम बनाने को कहा, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। धधरौल बांध में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने तथा “सावधान! यहां पानी अधिक गहरा है, डूबने की आशंका है” जैसे चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगवाने के निर्देश दिए। धंधरौल बांध पर प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहन चुर्क की तरफ से वापस जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी वाहनों से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रूट डायवर्जन की जानकारी समय से प्रसारित कराई जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो।
श्री वर्मा ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दिन पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी मौजूदगी में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं तथा विसर्जन स्थल और आवागमन मार्गों पर सतर्क निगरानी रखें। इस मौके उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा, सदर तहसीलदार अमित सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चुर्क सहित सम्बन्धित गण उपस्थित रहे।
