प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज द्वारा बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 15 जुलाई 2026 को एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज में संचालित होगा। इस विशेष टीकाकरण अभियान में 9 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा।
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। किशोरावस्था में यह टीका लगवाने से भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उत्तर मध्य रेलवे का केंद्रीय चिकित्सालय समय-समय पर जनस्वास्थ्य एवं रोगों की रोकथाम के लिए ऐसे जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। यह अभियान भी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य तथा कैंसर मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रेलवे प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
