60 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा, छह दिवसीय महोत्सव में सजेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल
अनपरा,सोनभद्र। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर हिंडालको रेनुसागर में दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मां दुर्गा के स्वागत के लिए श्री दुर्गा पूजा समिति, रेनुसागर द्वारा इस वर्ष भी भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 16 अक्टूबर को महाषष्ठी से शुरू होने वाले इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह के मार्गदर्शन तथा हेड एचआर आशीष पांडेय के दिशा-निर्देशन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए पैराडाइज प्रेक्षागृह परिसर में आकर्षक एवं भव्य पंडाल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इस वर्ष लगभग 60 फीट ऊंचा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा।
समिति के सचिव पी.चट्टोपाध्याय ने बताया कि कोलकाता से आए दर्जनों कुशल कारीगर गोपाल मुखर्जी के नेतृत्व में दिन-रात मेहनत कर पंडाल को भव्य स्वरूप देने में जुटे हैं। वहीं, बंगाल से आए मूर्तिकार मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। पूजा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए समिति के सदस्य पूरी तत्परता से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान छह दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक छटा देखने को मिलेगी। कार्यक्रमों में महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति,ओपन गरबा, डांडिया, धुनुची नृत्य, तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और भारतीय लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इसी क्रम में हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह ने अपनी पत्नी इंदु सिंह के साथ विधि-विधानपूर्वक मां आदिशक्ति दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत कारीगरों ने मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा को सजाने का कार्य प्रारंभ किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही महोत्सव की तैयारियों ने और गति पकड़ ली। समिति के उपाध्यक्ष हेड एच आर आशीष पांडेय ने बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यातायात नियंत्रण की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है, ताकि पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में गौतम घोषाल सहित दीपक सेन गुप्ता का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। पूरे रेनुसागर क्षेत्र में मां दुर्गा के आगमन को लेकर भक्तिमय वातावरण बनने लगा है और श्रद्धालु उत्सुकता से महोत्सव के शुभारंभ की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
