सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान द्वारा आईटी विभाग के सहयोग से 12 अक्टूबर 2026 को स्टेशन नेतृत्व एवं स्टेशन प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों के लिए ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर अर्ध दिवसीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्बाध विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण विद्युत संरचना को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता एवं सतर्कता को बढ़ावा देना था। सत्र का उद्घाटन किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य वक्ता एम.ए.के.पी. सिंह, पूर्व सदस्य (जलविद्युत), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण एवं पूर्व मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी, विद्युत मंत्रालय का स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सौरभ बनौधा, अपर महाप्रबंधक (आईटी) ने किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल, मणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ एवं परियोजना), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम), एसएमसी सदस्यों एवं विभागाध्यक्षों का स्वागत किया। उन्होंने तेजी से विकसित हो रही डिजिटल तकनीकों के बीच उभरते साइबर खतरों को समझने तथा उनसे बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ एवं निवारक उपाय अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने संबोधन में श्री किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने कहा कि बढ़ते डिजिटलीकरण एवं परस्पर जुड़े तकनीकी तंत्रों के वर्तमान दौर में साइबर सुरक्षा केवल सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिचालन सुरक्षा, विद्युत उत्पादन की विश्वसनीयता एवं संगठनात्मक सुदृढ़ता का एक महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। उन्होंने स्काडा (SCADA), संरक्षण प्रणालियों एवं व्यापक आईटी नेटवर्क से जुड़े संभावित साइबर जोखिमों का उल्लेख करते हुए कहा कि जागरूकता, सतर्कता एवं पूर्व तैयारी ही साइबर खतरों से बचाव की प्रथम रक्षा पंक्ति हैं। श्री होता ने ऐसे जागरूकता सत्रों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम नेतृत्व स्तर पर साइबर सुरक्षा संबंधी समझ विकसित करने, समय रहते संभावित जोखिमों की पहचान करने तथा पूरे संगठन में सक्रिय एवं जिम्मेदार साइबर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एनटीपीसी विंध्याचल में साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता को सुदृढ़ करने की पहल
