निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयोग के निर्देशों का अक्षरशः करें अनुपालन – जिलाधिकारी

Spread the love

विधान परिषद वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न

 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, मतदान कार्मिकों को बैलेट बॉक्स संचालन का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

सोनभद्र। विधान परिषद वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कार्मिक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विकास अधिकारी एवं प्रशिक्षकों की उपस्थिति में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दिवस 23 अक्टूबर 2026 तथा मतदान से एक दिन पूर्व 22 अक्टूबर 2026 को की जाने वाली तैयारियों के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। पीपीटी एवं वीडियो के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही बैलेट बॉक्स को खोलने एवं बंद करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि मतदान कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न करा सकें। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है, जो सामान्य शासकीय कार्यों से अलग है। इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता एवं सजगता के साथ ग्रहण करें, जिससे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जा रही हैं। जनपद सोनभद्र में शिक्षक निर्वाचन के लिए 21 तथा स्नातक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
   जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदान से एक दिन पूर्व 22 अक्टूबर को मतदान दल कलेक्ट्रेट परिसर से अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रस्थान से पूर्व मतदान दलों को उपलब्ध कराई जाने वाली निर्वाचन सामग्री, जिसमें बैलेट बॉक्स, मतदाता सूची, निर्वाचन लड़ रहे उम्मीदवारों की सूची एवं अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं, का भली-भांति मिलान कर लिया जाए। इसके उपरांत मतदान दल निर्धारित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
   उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर,2026 को मतदान प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ कलेक्ट्रेट परिसर वापस आएंगे। सभी संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन संबंधी सभी दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *