सोनभद्र। जन शिकायतों की सुनवाई और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को जिले के 10 नगरीय निकायों में आयोजित ‘सम्भव’ दिवस के तहत जनसुनवाई की गई। पांच अक्टूबर को नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं। शिकायतों में साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश समेत अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। नगर निकाय प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्राप्त सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया। निकायवार आंकड़ों के मुताबिक, नगर पालिका परिषद सोनभद्र में दो, घोरावल में एक, चुर्क-घुर्मा में दो, चोपन में चार, ओबरा में चार, रेनुकूट में शून्य, पिपरी में तीन, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक और अनपरा में दो शिकायतें प्राप्त हुईं। इस मौके पर अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका के सदस्य और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
संभव दिवस में 10 निकायों से मिलीं 21 शिकायतें, निस्तारण के निर्देश
