नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

Spread the love

पूर्व की सरकारों का ‘गरीबी हटाओ’ का नारा खोखला था, गरीबों को गरीबी की रेखा से बाहर निकालने का काम मोदी ने किया – ए.के. शर्मा

स्वर्गीय रामविलास पासवान जी का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और जन सेवा को समर्पित रहा:श्री ए के शर्मा

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर मधुबन, मऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्व. रामविलास पासवान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सामाजिक न्याय, समानता तथा जनसेवा के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण किया।

अपने संबोधन में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान जी सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर थे और लोकतांत्रिक मूल्यों में उनकी अगाध आस्था थी। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और वंचित, गरीब एवं कमजोर वर्गों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया। उनका जीवन समानता, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

मंत्री शर्मा ने कहा कि आज का दिन केवल स्व.रामविलास पासवान को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि गरीबों की सेवा करने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने लंबे समय तक ‘गरीबी हटाओ’ का खोखला नारा दिया, लेकिन गरीबों को गरीबी की रेखा से बाहर निकालने के लिए जिस व्यापक और समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता थी, वो कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि यदि गरीब व्यक्ति को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ एक साथ उपलब्ध कराया जाए तो उसके जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गरीब परिवारों को केवल सहायता न मिले, बल्कि उनके जीवन में स्थायी सुधार आए और वे सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकें।उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न, पक्का आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड और सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से सरकार गरीब और वंचित परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *