नमो घाट एयर शो में कटेसर और गंगा तटीय इलाकों में शीर्ष अफसरों का डेरा, सुरक्षा व ट्रैफिक के सख्त निर्देश

Spread the love

चन्दौली। गंगा किनारे बसने वाले कटेसर और नमो घाट के आस-पास जल्द ही आसमान में वायुसेना का हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेगा। इस बहुप्रतीक्षित भव्य ‘एयर शो’ की सफलता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों के भारी अमले के साथ कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर तथा गंगा के तटीय गांवों का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नमो घाट और आयोजन स्थल की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त किया जाए, ताकि वीआईपी और आम जनता के आवागमन में कोई बाधा न आए। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने यातायात पुलिस को एक फुलप्रूफ ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान लागू करने के आदेश दिए हैं। प्रमुख चौराहों और घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही, गाड़ियों के सही ठहराव के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय बनाकर समय रहते काम पूरा करें।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, एसडीएम (पीडीडीयू नगर), ईओ तथा ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत सिविल व पुलिस प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *