चिकित्सक नदारद होने पर भड़का परिजनों का गुस्सा, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
बीजपुर (सोनभद्र)। पुनर्वास प्रथम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार तड़के प्रसव के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की गैर मौजूदगी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
ग्राम नेमना निवासी राजेश्वर प्रजापति अपनी गर्भवती पत्नी गायत्री को प्रसव पीड़ा होने पर रात करीब तीन बजे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार महिला का सामान्य प्रसव हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। आरोप है कि प्रसव के दौरान केंद्र पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और पूरी व्यवस्था स्टाफ नर्स के भरोसे थी।
परिजनों ने केंद्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन समेत जरूरी उपकरण और पेयजल व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय पर चिकित्सकीय और आवश्यक सुविधाएं मिलती तो नवजात की जान बच सकती थी।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था और एंबुलेंस की समस्या को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नवजात की मौत चिकित्सकीय जटिलता से हुई या लापरवाही के कारण, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
