वाराणसी। नई दिल्ली के हरिकिशन सिंह सुरजीत भवन में 27 से 29 सितंबर 2026 के बीच आयोजित नेशनल रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली वाराणसी की प्रतिभाशाली महिला कैरम खिलाड़ी मन्तसा इकबाल का आज वाराणसी कैरम एसोसिएशन कार्यालय में संक्षिप्त लेकिन भावपूर्ण समारोह में अभिनंदन किया गया। मन्तसा इकबाल ने इस उपलब्धि के साथ आगामी नवंबर के अंतिम सप्ताह में इटली में होने वाले वर्ल्ड कप कैरम के लिए भारतीय मुख्य टीम में स्थान बनाकर बनारस और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

ज्ञातव्य है कि मन्तसा इकबाल ने लगभग एक दशक पूर्व वाराणसी कैरम एसोसिएशन से जुड़कर जूनियर खिलाड़ी के रूप में अपने कैरम करियर की शुरुआत की थी। खेल के विभिन्न पड़ावों को पार करते हुए उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और आज उस मुकाम पर पहुंची हैं, जहां उत्तर प्रदेश की किसी महिला कैरम खिलाड़ी का पहुंचना अब तक संभव नहीं हुआ था। उनकी यह उपलब्धि वाराणसी और उत्तर प्रदेश के कैरम जगत के लिए गौरव का विषय है।समारोह में वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मन्तसा अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन वर्ल्ड कप में भी करेंगी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। सभी उपस्थित खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बैजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस आत्मीय एवं पारिवारिक अभिनंदन समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।इस अवसर पर प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन एवं वाराणसी कैरम एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा, सहायक सचिव अशोक कुमार सिंह, वाराणसी कैरम एसोसिएशन के सचिव अश्वनी चक्रवाल सहित रवि आर्या, रिनी श्रीवास्तव , श्री प्रसाद, अभिषेक विश्वकर्मा, , विनोद यादव, प्रियांशु यादव, कृष्ण दयाल यादव, अंजलि केसरी, दीपाली यादव आदि उपस्थित रहे।
