नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के निदेशक (तकनीकी / परियोजना एवं योजना) के रूप में डॉ. अंजनी कुमार ने दिनांक 28 सितंबर को पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे, निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष एवं निदेशक (तकनीकी) संदीप परांजपे ने डॉ. कुमार का स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वेकोलि में पदभार ग्रहण करने के पूर्व डॉ. अंजनी कुमार अक्टूबर 2025 से कोल इंडिया लिमिटेड, मुख्यालय, कोलकाता में कार्यकारी निदेशक (संविदा) के पद पर कार्यरत थे।
डॉ. अंजनी कुमार को कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) में 33 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। खनन संचालन, परियोजना नियोजन, सतर्कता, संविदा प्रबंधन एवं कॉर्पोरेट प्रबंधन के क्षेत्र में उन्हें व्यापक विशेषज्ञता हासिल है। उन्होंने आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग में बी.टेक. तथा पर्यावरण विज्ञान में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्हें खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक योग्यता प्रमाणपत्र प्राप्त हैं। उन्होंने सिक्किम मणिपाल विश्वविद्यालय से मानव संसाधन में एमबीए तथा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोग्राम एंड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से परियोजना प्रबंधन में एक्जीक्यूटिव डिप्लोमा भी प्राप्त किया है।
डॉ. कुमार ने अप्रैल 1993 में कोल इंडिया लिमिटेड के साथ अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत की। उन्होंने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया तथा अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के तकनीकी सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। इसके पश्चात उन्होंने महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) में परियोजना एवं योजना विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य किया। खनन क्षेत्र में तकनीकी, परिचालन एवं प्रबंधकीय अनुभव प्राप्त डॉ. अंजनी कुमार के नेतृत्व एवं परिणामोन्मुखी कार्यशैली से वेकोलि को निश्चित ही लाभ मिलेगा।
