शक्तिनगर, सोनभद्र। एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (ईंधन) शिवम श्रीवास्तव ने तीन दिवसीय सिंगरौली दौरे के दौरान एनटीपीसी सिंगरौली में ईंधन आपूर्ति, कोयला प्रबंधन, हैंडलिंग एवं ईंधन सोर्सिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में एनटीपीसी सिंगरौली, विंध्याचल एवं रिहंद की ईंधन प्रबंधन टीमों ने भाग लिया।

इस दौरान विभिन्न स्टेशनों के लिए कोयले की उपलब्धता, आपूर्ति, परिवहन एवं हैंडलिंग की समीक्षा करते हुए निर्बाध विद्युत उत्पादन के लिए समयबद्ध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। समीक्षा में परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव तथा किशोर कुमार होता सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के प्रथम दिन हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत एनटीपीसी सिंगरौली के प्रेक्षागृह में आजमगढ़ की समूहन कला संस्थान द्वारा मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी ‘पंच परमेश्वर’ का मंचन किया गया। निदेशक (ईंधन) शिवम श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य न्याय, विवेक और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता है। उन्होंने हिंदी को विचार, संवेदना और संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कार्य-संस्कृति में इसके अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली, विंध्याचल एवं रिहंद के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि तथा परिवारजन उपस्थित रहे। अंत में नाट्य कलाकारों को सम्मानित किया गया।
