राउरकेला।सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र के इस्पात जनरल अस्पताल (आई.जी.एच.) ने समुदाय को सुगम, उच्च गुणवत्ता वाली और परेशानी मुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत एम.डी.इंडिया हेल्थ इंश्योरेंस टी.पी.ए. प्राइवेट लिमिटेड के साथ संबद्धता के माध्यम से बीमित व्यक्तियों के लिए अपनी कैशलेस स्वास्थ्य सेवा को और सुदृढ़ किया है। इस सुविधा का उद्देश्य स्वास्थ्य बीमा पॉलिसीधारकों, जिनमें पात्र व्यक्तिगत पॉलिसीधारक तथा बीमा योजना के अंतर्गत आने वाले सदस्य शामिल हैं, पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को काफी हद तक कम करना है। अब पात्र मरीज अपना पूरा ध्यान उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ पर केंद्रित कर सकेंगे, जबकि उनके उपचार से संबंधित खर्चों का निपटान सीधे अस्पताल और थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (टी.पी.ए.) के बीच किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस्पात जनरल अस्पताल पहले से ही ई.एस.आई., आयुष्मान भारत (ए.बी.-पी.एम.जे.ए.वाई.-जी.जे.ए.वाई.), रेलवे, ई.पी.एफ.ओ. तथा उप-मंडलीय डाकघर सहित विभिन्न सरकारी बीमा/आश्वासन योजनाओं के लिए सूचीबद्ध है। समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए, अस्पताल मरीजों को परेशानी मुक्त, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
