नेहरू बालिका इंटरमीडिएट महाविद्यालय की छात्राओं ने लिया स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
धनबाद/ भारत सरकार के निर्देशानुसार भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में संचालित विशेष अभियान 6 (Special Campaign 6) के तैयारी चरण (Preparatory Phase) के तहत कतरास क्षेत्र द्वारा नेहरू बालिका इंटरमीडिएट महाविद्यालय में आज एक विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बीसीसीएल अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद करते हुए स्वच्छता के महत्व, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डाला। छात्राओं को अपने घर, शिक्षण संस्थान तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता की शपथ ली। छात्राओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश बनाए रखने, स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। बीसीसीएल द्वारा आयोजित यह पहल विशेष अभियान 6 के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप है। विशेष अभियान 6 के अंतर्गत स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थलों एवं परिसरों को बढ़ावा देने, सार्वजनिक सेवाओं को सुदृढ़ करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कबाड़ एवं ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन, उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग तथा स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह पहल विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उल्लेखनीय है कि देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का संदेश “एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव” (Collective Action for Visible Impact) है। बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं वाशरी डिवीजनों में भी अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप विविध गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।
विदित हो कि विशेष अभियान 6 का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 15 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक तैयारी चरण (Preparatory Phase) तथा 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक क्रियान्वयन चरण (Implementation Phase) निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कार्यालयों एवं परिसरों की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित रखरखाव, कबाड़ एवं ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन, उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग, जन-शिकायतों के त्वरित निवारण तथा सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
विशेष अभियान 6 के तहत आगामी दिनों में भी कतरास सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन पहलों का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक व्यवहार और सामुदायिक जीवन का स्थायी हिस्सा बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना है।
