सैंक्टोरिया, आसनसोल । जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई की ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) द्वारा विभागीय स्तर पर की गई आंतरिक जांच के दौरान सेवानिवृत्ति उपरांत चिकित्सा सुविधा लाभ योजना (Post Retirement Medicare Benefit Scheme) के अंतर्गत प्रस्तुत चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों में संदिग्ध अनियमितताएं सामने आई हैं।
जांच के दौरान विभिन्न तिथियों पर तथा अलग-अलग अवधियों से संबंधित प्रस्तुत किए गए कई बिलों पर एक ही इनवॉइस संख्या (NT-23-15679) अंकित पाई गई। इन बिलों में कुल ₹39,800 की राशि शामिल है। इस विसंगति से दस्तावेजों की प्रामाणिकता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ, जिसके पश्चात कंपनी द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई।
सक्रिय पहल करते हुए ECL ने सैंक्टोरिया पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए FIR दर्ज करने तथा संदिग्ध रूप से कूटरचित/फर्जी दस्तावेजों को प्रस्तुत एवं उपयोग कर वित्तीय लाभ प्राप्त करने के प्रयास की विस्तृत जांच का अनुरोध किया है। कंपनी द्वारा संबंधित अभिलेख भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं तथा जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया है। यह कार्रवाई ECL की सतर्क आंतरिक निगरानी व्यवस्था, वित्तीय सुरक्षा उपायों तथा संदिग्ध धोखाधड़ीपूर्ण दावों के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति को दर्शाती है। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूरे मामले की जांच विधि एवं नियमानुसार की जाए।
