खण्ड विकास अधिकारी से की जाॅच की मांग
शाहगंज (सोनभद्र)। सरकार गरीबों और पात्रों को जहाँ प्रधानमंत्री आवास देकर पक्का छत उपलब्ध करा रही है, वहीं इस अति महत्वाकांक्षी योजना में अनुसूचित जाति के लोगों के हक पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है। मामला घोरावल ब्लाक के ग्राम पंचायत ढुटेर का है। गाँव के विजेद्र, चन्दन, संदीप व राकेश ने आईजीआरएस पोर्टल पर खण्ड विकास अधिकारी घोरावल को प्रेषित शिकायती पत्र में बताया है कि ग्राम पंचायत ढुटेर की प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की अनुसूचित जाति की सूची में अन्य जातियों के लोगों को वरीयता क्रम में अंकित कर दिया गया है। जिससे वास्तविक अनुसूचित जाति के लाभार्थी (आवेदक) प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने की आशंका से मायूस और चिंतित हैं। उन्होंने उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खण्ड विकास अधिकारी से इसकी त्वरित जाँच कराकर एससी की सूची में केवल एससी के ही लोगों को शामिल कर अनुसूचित जाति के हकदारों को प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना से लाभान्वित करने की माँग किया है। ताकि दलितों, वंचितों को भी पक्का छत नसीब हो सके।
इससे पहले भी हुआ था यह खेल – पिछली बार भी ढुटेर गाँव में एससी के लोगों के साथ इस तरह का खेल हुआ था। जिससे पात्र होते हुए भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। जाचोपरांत जिम्मेदारों की गलती पायी गयी थी। इन पर कार्यवाई भी होना तय था। मगर कुछ वजहों से छोड़ दिया गया। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। एससी के लोग काफी सक्रिय हैं और अपने हक के लिए प्रशासन से लेकर शासन तक एक करने का मन बना चुके हैं।
कौन करता है यह खेल! जाँच की जरूरत – अनुसूचित जाति के गरीबों के साथ इस तरह बड़ा खेल और हेरा-फेरी आखिर कौन करता है और किसकी मिलीभगत से होता है। जरूरत है इसकी गंभीरता और निष्पक्षता से जाँच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की। ताकि इस प्रकार की पुनरावृत्ति आगे न हो। इस तरह के खेल से दलित समाज के लोग अपने को उपेक्षित महसूस करने लगे हैं।
