प्रयागराज । राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रचनात्मक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशानुसार और मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के राजभाषा विभाग द्वारा राजभाषा पखवाड़ा के उपलक्ष्य में महाप्रबंधक कार्यालय में हिंदी टिप्प्णी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी निबंध लेखन एवं हिंदी वाक् ,हिंदी टाइपिंग और हिंदी आशुलिपि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन प्रतियोगिताओं में मुख्यालय के कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह से भाग लिया। ‘स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन’ विषय पर आयोजित हिंदी वाक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जीवन शैली के व्यतिक्रम तथा दैनिक अनुशासन की अनदेखी, विभिन्न रोगों से ग्रस्त हो रहे आमजन और उसके प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किए और निवारण के तौर-तरीकों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर निर्णायक के रूप में उपस्थित उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/ दावा के. जी. गोस्वामी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन एक-दूसरे के पूरक हैं और हमारे प्राचीन ग्रथों और शास्त्रों में इनके बीच संतुलन एवं अन्योनाश्रिता पर काफी चर्चा हुई है। स्वास्थ्य से जुड़ा अनुशासन सम्यक मानसिक, नैतिक एवं दैहिक चेतना का विषय है। इस अवसर पर दूसरे निर्णायक के रूप में उपस्थित उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी/भंडार डॉ गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी का उद्गम संस्कृत भाषा से हुआ है , इसलिए हमें अपने व्यैक्तिक, सामाजिक और शासकीय जीवन के व्यवहारों में प्रयोज्य लेखन, वाक और बोलचाल में यथास्थिति तत्सम प्रधान और औपचारिक शब्दों का प्रयोग करना चाहिए। डॉ गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि वाक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को भाषा, शैली, विषय वस्तु एवं संप्रेषण के बीच पारस्परिक संतुलन और आंतरिक तारतम्य स्थापित करना चाहिए, क्योंकि यही प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने का मूलमंत्र है। इस प्रतियोगिता में निशांत चौहान, वरिष्ठ लेखाकार, लेखा विभाग को प्रथम स्थान, आमोद कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक/रेल सुरक्षा बल/मुख्यालय को द्वितीय स्थान तथा सुश्री अनन्या देवी, आशुलिपिक, इंजीनियरिंग विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय द्वारा किया गया।
उपर्युक्त प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त राजभाषा पखवाड़ा के उपलक्ष्य में हिंदी कवितापाठ प्रतियोगिता एवं राजभाषा प्रश्नमंच तथा हिंदी कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के पुरस्कार विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 30 सितंबर को आयोजित मुख्य समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
