CPRMSE/NE Portal 2.0 : अब सेवानिवृत कर्मियों के लिए मेडिकल बिल को जमा करना एवं ट्रैक करना हुआ आसान

Spread the love

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत कर्मियों के चिकित्‍सीय ईलाज के मेडिकल बिल को जमा करने एवं ट्रैक करने में पारदर्शिता और सुगमता लाने के उद्देश्‍य से 10 सितंबर, 2026 को सीसीएल दरभंगा हाउस, रांची स्थित मंथन सभागार में CPRMSE/NE Portal 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएमडी  निलेन्‍दु कुमार सिंह ने निदेशक (मा.सं.)  हर्ष नाथ मिश्र, सीवीओ  पंकज कुमार की उपिस्‍थति में उपरोक्‍त पोर्टल को लॉन्च करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि पोर्टल को सीसीएल की अपनी टीम द्वारा आंतरिक रूप से विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। 

विशेष रूप से CPRMSE/NE Portal 2.0 के संबंध में उन्होंने रेखांकित किया कि अब सेवानिवृत्त कोल कर्मियों को चिकित्सा उपचार एवं उसके बाद प्रतिपूर्ति के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने CPRMS पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से कहीं से भी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे और प्रक्रिया का लाभ उठा सकेंगे।

अपने सेवानिवृत्त कर्मियों को भी अपनी संस्थागत यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए उनकी सुविधाओं और कल्याणकारी सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में प्रयासरत है। CPRMSE/NE Portal 2.0 इसी सोच और प्रतिबद्धता को तकनीक से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। किसी भी संस्थान की पहचान केवल उसके उत्पादन, व्यवसाय और उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति कितनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देता है।

चिकित्सा दावों की प्रक्रिया में PRB, CMS/Medical और Finance जैसे विभिन्न विभागों की भूमिका होती है। पोर्टल इन विभागों के बीच दावों के इलेक्ट्रॉनिक संचालन को संभव बनाता है। इससे एक ओर लाभार्थी को अपने दावे की स्थिति के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिलती है, वहीं दूसरी ओर संबंधित विभागों के स्तर पर भी कार्य की निगरानी और पूर्ति  में  आसानी आएगी । 

इस पहल के मानवीय पक्ष को रेखांकित करते हुए महाप्रबंधक, सीसी एण्‍ड पीआर,आलोक कुमार ने कहा कि , “CPRMSE/NE Portal 2.0 हमारे सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों के लिए बेहतर, पारदर्शी एवं सुविधाजनक है एवं यह सीसीएल की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को तकनीक के माध्यम से और प्रभावी बनाने का प्रयास है। जिन कर्मियों ने अपने सेवाकाल में संस्था की प्रगति में योगदान दिया है, उनके लिए सेवानिवृत्ति के बाद भी सुविधाजनक और सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराना एवं उनको स्‍वस्‍थ रखना हमारी नैतिक जिम्‍मेदारी है।

CPRMSE/NE Portal 2.0 की एक उल्लेखनीय विशेषता यह है कि इसे सीसीएल के सिस्टम विभाग द्वारा इन-हाउस विकसित किया गया है। इसके विकास में PRB, CMS/Medical और Finance विभागों के साथ समन्वय किया गया। CPRMSE/NE Portal 2.0 इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह तकनीकी बदलाव को कर्मचारी कल्याण से जोड़ता है। इस पोर्टल के माध्यम से सीसीएल कागज-आधारित प्रक्रिया से डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुगम सेवा व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इसी सोच के साथ सीसीएल डिजिटल परिवर्तन को आगे बढ़ाते हुए कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में निरंतर महत्वपूर्ण स्थान दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *