विद्युत क्षेत्र में तेजी से हो रहे परिवर्तन के अनुरूप तकनीकी क्षमता, परिचालन दक्षता एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की आवश्यकता – सीईआरसी अध्यक्ष, जिष्णु बरुआ
सोनभद्र। केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) के अध्यक्ष जिष्णु बरुआ एवं सचिव हरप्रीत सिंह प्रूथी ने एनटीपीसी सिंगरौली का दौरा किया। परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली ई. प्रभाकर राव के नेतृत्व में आयोजित इस उच्चस्तरीय दौरे के दौरान विद्युत उत्पादन, प्रचालन एवं तकनीकी उत्कृष्टता, स्टेज-III परियोजना की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण तथा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व से जुड़ी विभिन्न पहलों का व्यापक अवलोकन किया गया। अतिथियों के शक्तिनगर आवासीय परिसर स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचने पर ई. प्रभाकर राव, कमांडेंट सीआईएसएफ एवं एनटीपीसी सिंगरौली के महाप्रबंधक गण द्वारा उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में एनटीपीसी सिंगरौली के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत शिक्षा एवं बालिका सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (GEM) की बालिकाओं को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी किट प्रदान किए गए। साथ ही, परियोजना प्रभावित एवं आसपास के क्षेत्रों की जरूरतमंद बालिकाओं को उनकी शिक्षा एवं विद्यालय आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से साइकिलों का वितरण भी किया गया। माननीय अध्यक्ष एवं सचिव ने बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, अनुभवों एवं भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए माननीय अतिथियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर स्टेडियम परिसर में स्थापित आधुनिक जिम का उद्घाटन भी किया गया।
इसके पश्चात अध्यक्ष एवं सचिव ने संयंत्र के प्रवेश द्वार स्थित सुरक्षा नियंत्रण कक्ष का अवलोकन किया, जहां उन्हें संयंत्र की सुरक्षा प्रणालियों एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराने के साथ आवश्यक सुरक्षा अभिमुखीकरण (सेफ्टी इंडक्शन) प्रदान किया गया। इसके बाद उन्होंने स्टेज-III परियोजना क्षेत्र का भ्रमण कर परियोजना की प्रगति, निर्माण गतिविधियों, तकनीकी विशेषताओं तथा भावी प्रचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
दौरे के अगले चरण में अतिथियों ने यूनिट संख्या-06 के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। यहां उन्हें विद्युत उत्पादन प्रक्रिया, यूनिट नियंत्रण एवं निगरानी प्रणाली तथा सुरक्षित, विश्वसनीय एवं दक्ष विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
प्रशासनिक भवन स्थित ‘संकल्प’ सम्मेलन कक्ष में आयोजित उच्चस्तरीय प्रस्तुतीकरण एवं संवाद सत्र में ई. प्रभाकर राव ने अध्यक्ष एवं सचिव का स्वागत करते हुए एनटीपीसी सिंगरौली की उपलब्धियों, विद्युत उत्पादन, प्रचालन प्रदर्शन, स्टेज-III परियोजना की प्रगति, सुरक्षा प्रबंधन, पर्यावरणीय पहलों तथा भावी कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली की टीम सुरक्षा, विश्वसनीय उत्पादन, तकनीकी उत्कृष्टता और सतत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने सीईआरसी के मार्गदर्शन को विद्युत क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन एवं दीर्घकालीन विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अपने संबोधन में सीईआरसी अध्यक्ष जिष्णु बरुआ ने भारतीय विद्युत क्षेत्र के बदलते परिदृश्य में विश्वसनीयता, दक्षता, सुरक्षा, तकनीकी नवाचार एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्युत क्षेत्र में तेजी से हो रहे परिवर्तन के अनुरूप तकनीकी क्षमता, परिचालन दक्षता एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एनटीपीसी सिंगरौली के दीर्घकालीन योगदान तथा परियोजना में अपनाई जा रही प्रचालन एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में एनटीपीसी जैसे संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान सीईआरसी अध्यक्ष एवं सचिव ने एनटीपीसी सिंगरौली के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विद्युत क्षेत्र के नियामकीय एवं प्रचालन संबंधी विषयों, उत्पादन दक्षता, परियोजना विकास, सुरक्षा, पर्यावरणीय अनुपालन तथा ऊर्जा क्षेत्र की भावी चुनौतियों एवं संभावनाओं पर सार्थक विचार-विमर्श किया। संपूर्ण दौरे के सफल आयोजन एवं विभिन्न तकनीकी प्रस्तुतियों में एनटीपीसी सिंगरौली के महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संबंधित विभागों द्वारा संयंत्र की प्रचालन व्यवस्था, परियोजना प्रगति, सुरक्षा प्रबंधन, तकनीकी पहलों, सीएसआर गतिविधियों तथा अन्य प्रमुख उपलब्धियों से माननीय अतिथियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। ई. प्रभाकर राव के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के प्रभावी समन्वय ने दौरे के दौरान एनटीपीसी सिंगरौली की सुदृढ़ कार्यसंस्कृति एवं टीम भावना को प्रतिबिंबित किया।
अतिथियों के सम्मान में सिद्धार्थ भवन अतिथि गृह, शक्तिनगर में ग़ज़ल संध्या का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में एनटीपीसी विंध्याचल एवं एनटीपीसी रिहंद के परियोजना प्रमुखों सहित एनटीपीसी सिंगरौली के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। सुरमयी ग़ज़लों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशिष्ट गरिमा प्रदान की तथा यह अवसर विभिन्न परियोजनाओं के वरिष्ठ नेतृत्व के मध्य आत्मीय संवाद एवं संस्थागत समन्वय का भी माध्यम बना।
सीईआरसी अध्यक्ष एवं सचिव का यह दौरा एनटीपीसी सिंगरौली की प्रचालन उत्कृष्टता, तकनीकी दक्षता, परियोजना विकास, सुरक्षा संस्कृति, पर्यावरणीय प्रतिबद्धता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विविध आयामों को निकट से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। साथ ही, विद्युत क्षेत्र के वर्तमान एवं भावी विषयों पर हुए उच्चस्तरीय संवाद ने संस्थागत समन्वय एवं ज्ञान-साझाकरण को और सुदृढ़ किया। यह दौरा एनटीपीसी सिंगरौली एवं केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग के मध्य सार्थक संवाद एवं बेहतर समन्वय के साथ देश के सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सतत ऊर्जा भविष्य की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
