सांकतोड़िया, आसनसोल,।: कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के अध्यक्ष बी. साईराम ने आज ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के राजमहल क्षेत्र का दौरा कर खनन परिचालनों की समीक्षा की तथा प्रमुख परिचालन गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया। अध्यक्ष का स्वागत ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चित्रंजन कुमार तथा राजमहल क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री अरूप नंदा नायक सहित ईसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।
दौरे के दौरान अध्यक्ष ने राजमहल ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) एवं हुर्रा ‘सी’ ओसीपी का क्षेत्रीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जारी खनन परिचालनों की समीक्षा की तथा दोनों परियोजनाओं के परिचालन प्रदर्शन एवं विभिन्न गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया।दौरे का मुख्य उद्देश्य परिचालन दक्षता, सुरक्षा, उत्पादकता तथा सतत खनन पद्धतियों को और सुदृढ़ करना रहा। इस क्रम में निरंतर कोयला उत्पादन बनाए रखने तथा क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों के समाधान पर विशेष बल दिया गया।
दौरे के क्रम में अध्यक्ष ने उर्जानगर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी सहभागिता की। इस अवसर पर सीआईएल एवं ईसीएल द्वारा पर्यावरणीय स्थिरता, पारिस्थितिक संरक्षण तथा उत्तरदायी खनन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया गया। इसके उपरांत ईसीएल एवं राजमहल क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख परिचालन विषयों, परियोजनाओं के प्रदर्शन तथा खनन परिचालनों को और सुदृढ़ करने हेतु भावी प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई। यह दौरा राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर निगरानी, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व तथा सतत कोयला उत्पादन के प्रति सीआईएल के निरंतर फोकस को रेखांकित करता है।
