13 साल से लापता युवक बनकर परिवार को ठगने वाला गिरोह बेनकाब, 4 गिरफ्तार

Spread the love

सोनभद्र। साधु के वेश में पहुंचकर लापता युवक बन परिवार की भावनाओं से खेला, पहले 6 लाख रुपये मांगे, फिर 5 लाख की मांग पर आ गए। ठगी की कोशिश के दौरान परिवार ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे परिवारों की तलाश करते थे जिनका कोई परिजन लंबे समय से लापता हो। इसके बाद साधु या अन्य वेश धारण कर परिवार तक पहुंचते और खुद को लापता सदस्य बताकर भावनात्मक दबाव बनाते थे। डर और अंधविश्वास का माहौल पैदा कर रुपये ऐंठने की कोशिश की जाती थी।इस मामले में परिवार को विंध्याचल बुलाया गया और कथित लापता युवक की पहचान साबित करने के लिए शरीर पर बताए गए निशान भी दिखाए गए।

  बाद में गुरु की दक्षिणा और भंडारे के नाम पर 4 हजार लोगों को 4 बार भोजन कराने की बात कहकर 6 लाख रुपये मांगे गए। रकम जुटाने में असमर्थता जताने पर मांग घटाकर 5 लाख रुपये कर दी गई। परिवार द्वारा बताए गए खाते में 1 लाख रुपये भेजे जाने के बाद भी आरोपियों ने और रकम की मांग की। लगातार संदिग्ध गतिविधियों से परेशान परिवार ने थाना चोपन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए सूरा गोसाई पुत्र छोटकाऊ उम्र करीब 46 वर्ष निवासी खमउआ थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर सिंटू पुत्र भाई उम्र करीब 29 वर्ष निवासी पूरे तिवारी थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर सेहालु उर्फ सेलू पुत्र छोटकऊ उम्र करीब 66 वर्ष निवासी खमउआ थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर मंगल प्रसाद पुत्र भगेलु गोसाई उम्र 29 वर्ष निवासी पूरे तिवारी थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर को गिरफ्तार किया।

  पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी करने की बात बताई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक देवी प्रसाद मिश्रा, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, संजीत कुमार एवं पुष्प यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *