झज्जर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके जीवन में सुगमता और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एपीसीपीएल पावर प्लांट द्वारा सीएसआर के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से एलिम्को द्वारा पूर्व चिन्हित भिवानी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 372 दिव्यांगजनों को लगभग 737 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की दैनिक जीवन की चुनौतियों को कम करना, उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव लाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहिल गुप्ता, (आई.ए.एस), उपायुक्त, भिवानी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रबीन्द्र पटेल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एपीसीपीएल ने की। इस अवसर पर उमेश कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। दिव्यांगजनों के पंजीकरण एवं उनकी आवश्यकताओं के आकलन के लिए एलिम्को के सहयोग से भिवानी जिले के आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में परीक्षण शिविर आयोजित किए गए थे। वितरण शिविर में एलिम्को द्वारा निर्मित विभिन्न श्रेणियों के सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, वॉकर, सी.पी. चेयर एवं कमोड चेयर और अन्य उपयोगी उपकरण शामिल रहे।
एपीसीपीएल की यह सीएसआर पहल दिव्यांगजनों को केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वावलंबी, सक्षम और समाज की मुख्यधारा से अधिक मजबूती से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक कदम है। इन उपकरणों के माध्यम से लाभार्थियों को आवागमन, संचार तथा दैनिक गतिविधियों में अधिक सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उनके आत्मविश्वास और जीवन स्तर में सुधार होगा।कार्यक्रम के समापन अवसर पर लाभार्थियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी, संतोष और आत्मविश्वास की झलक इस मानवीय पहल की सार्थकता को स्पष्ट रूप से दर्शा रही थी।
