कान्हा की भक्ति में रंगा रेणुकूट, इनर व्हील क्लब ने धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी

Spread the love

रेणुकूट। भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल भक्तिमय, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजा परिसर और आकर्षक झांकी में विराजमान नंदलाल की मनमोहक छवि—कुछ ऐसा ही नजारा रेणुकूट में इनर व्हील क्लब द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में देखने को मिला। क्लब की सदस्य अनिता सहानी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और जन्माष्टमी का पर्व उल्लास के साथ मनाया। क्लब की अध्यक्ष ममता अग्रवाल एवं सचिव संध्या सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी एवं पूजा स्थल को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की सजी झांकी सभी के आकर्षण का केंद्र रही।

महिलाओं ने भक्ति गीतों के बीच भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों को सामूहिक रूप से मनाने से आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर अरपना सूर्यवंशी, विनिता बंसल, सुनीता मिमानी, सुनीता अस्थाना, मीरा चौबे, रश्मि पवार, मीना अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, गुरमीत कौर, शीतल दहलाान, डॉली बंसल, अंशु अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *