9 सितम्बर को जनपद स्तरीय परीक्षा में शामिल होंगे ब्लॉक स्तर पर चयनित नौनिहाल
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद सोनभद्र के परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा को पहचानने एवं उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘मेधावी छात्र चयन परीक्षा-अगस्त 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के माध्यम से कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया जा रहा है। वर्तमान में विद्यालय एवं संकुल स्तर पर परीक्षा एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया संचालित है। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान किया जा रहा है। विभागीय कार्ययोजना के अनुसार विद्यालय स्तर पर चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं के पश्चात संकुल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। संकुल स्तर पर चयनित मेधावी छात्र आगामी ब्लॉक स्तरीय परीक्षा/प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं 9 सितम्बर,2026 को आयोजित होने वाली जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिन विकास खण्डों में वृहद स्तर पर आयोजन में किसी प्रकार की कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा में संबंधित स्तर के शीर्ष/प्रथम मेधावी छात्र को ही आमंत्रित किया जाए, जिससे चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। मेधावी छात्र चयन परीक्षा के अंतर्गत चयनित एवं सम्मानित छात्र-छात्राओं का विवरण व्यवस्थित रूप से ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। इस संबंध में नोडल संकुल शिक्षकों एवं संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने सेवित क्षेत्र के विद्यालयों में सम्मानित किए जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्पूर्ण विवरण तथा कार्यक्रम की तस्वीरें निर्धारित लिंक/क्यूआर कोड के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचालित यह पहल परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
