अधिकारियों की कार्यशैली पर सपा ने उठाए सवाल, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

सोनभद्र। जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि सोनभद्र में समस्याओं का अंबार लगा है, लेकिन अधिकारियों द्वारा जन समस्याओं की सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर जनपद के आला अधिकारी निरंकुश हो गए हैं और विपक्षी दलों के नेताओं के फोन तक नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
राम निहोर यादव ने कहा कि किसान, नौजवान, व्यापारी समेत आम जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है। किसानों को खाद और विद्युत की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब हर वर्ग के हित में कार्य किए गए, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार में आम जनता परेशान है।
पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र 400-घोरावल में सैकड़ों ट्रांसफार्मर जले हुए हैं। इसके कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं और अन्य विद्युत संबंधी कार्य भी प्रभावित हैं। किसानों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष रामप्यारे सिंह पटेल, पवन पटेल, बाबू हाशमी, जगत पटेल, राजेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *