डूब क्षेत्र के अवशेष 252 परिवारों के पुनर्वास पैकेज के लिए सत्यापन शीघ्र पूरा करने के निर्देश
सोनभद्र। कनहर डैम से प्रभावित परिवारों की भूमि, पुनर्वास एवं अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में कनहर विभाग एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ओबरा एवं दुद्धी को प्रभावित क्षेत्रों में भूमि रजिस्ट्री, सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलने वाले लाभ में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में नहर निर्माण के लिए आवश्यक कृषकों की भूमि क्रय से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि क्रय से जुड़े मामलों का परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि 1 से 15 सितंबर तक कनहर डैम से प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कनहर विभाग की संयुक्त टीमे जाएं। अधिकारी मौके पर ग्रामीणों एवं प्रभावित परिवारों की भूमि, रजिस्ट्री, सत्यापन, पुनर्वास सहित अन्य समस्याएं सुनेंगे। मौके पर समाधान योग्य प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा, जबकि शेष मामलों का प्रभावी अनुश्रवण करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से निस्तारित किया जाएगा।
डैम के डूब क्षेत्र से प्रभावित अवशेष 252 परिवारों को पुनर्वास पैकेज उपलब्ध कराने के संबंध में जिलाधिकारी ने सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को पुनर्वास पैकेज का लाभ समय से मिल सके।
बैठक में कनहर डैम के निर्माण से संबंधित शेष कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के साथ गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बांध की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। साथ ही बांध के समीप स्थानीय जनता के सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त स्थल पर पुल निर्माण की संभावनाओं का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कनहर परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्व एवं कनहर विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। चौपालों का उद्देश्य प्रशासन की सीधी पहुंच प्रभावित लोगों तक सुनिश्चित करना और लंबित प्रकरणों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। बैठक में मुख्य अभियंता, कनहर, समस्त संबंधित अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता सहित राजस्व एवं कनहर विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
