फलदार पौधों से किसानों की आय बढ़ाने की पहल: 60 किसानों और समूह की महिलाओं को 100 पौधों का वितरण

Spread the love

म्योरपुर(सोनभद्र) स्थानीय ब्लॉक के ग्राम पंचायत बभनडीहा में रविवार को किसानों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को फलदार पौधों का वितरण किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार एवं बीएचयू के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामस्वरूप मीणा के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में बभनडीहा, भलुही और बलियारी गांव के किसानों को आम, अमरूद, नींबू और अनार के 100 पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मालदा प्रजाति के आम, ताइवान व इलाहाबादी प्रजाति के अमरूद, कागजी नींबू तथा ग्राफ्टेड अनार के पौधे किसानों को दिए गए। कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि उचित देखभाल और पोषण मिलने पर इन पौधों में करीब तीन वर्ष से फल मिलना शुरू हो सकता है। समय के साथ उत्पादन बढ़ने से किसानों को घरेलू उपयोग के साथ अतिरिक्त आय का भी साधन मिलेगा।
फील्ड वर्कर रामाशंकर ने किसानों को पौधरोपण की सही विधि, पौधों के बीच उचित दूरी, पोषण और नियमित देखभाल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार के प्रत्येक सदस्य की देखभाल जरूरी होती है, उसी तरह पौधों की भी नियमित देखरेख करनी चाहिए। इससे बेहतर फल उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान संत कुमार बभनडीह और ग्राम प्रधान उमेश कुमार बलियरी ने किसानों को पौधों का वितरण किया। इस दौरान महिपत सिंह, रामसिंह, रामसरन, लालचंद, शांति, राजकुमारी समेत करीब 60 किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *