अंता। एनटीपीसी अंता द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ग्राम रातड़िया में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं प्रोत्साहन हेतु 150 स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय में स्थापित STEM लैब का उद्घाटन भी किया गया।कार्यक्रम में सखी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती ई. सरोजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि श्रीमती मनीषा बावेजा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए तथा उन्हें शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। STEM लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित के क्षेत्र में व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक रूप से सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच देवीशंकर मालव, सरपंच श्रीमती निर्मला बाई मेहरा, प्रेरणा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती संतोषी देशमुख सहित प्रेरणा महिला मंडल की अन्य सदस्याएं, विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने शिक्षा के क्षेत्र में की गई इस पहल के लिए एनटीपीसी अंता के प्रति आभार व्यक्त किया। एनटीपीसी अंता द्वारा CSR के अंतर्गत किए गए इस प्रयास से ग्राम रातड़िया के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता एवं नवाचार की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
