अघोषित बिजली कटौती को लेकर  एसडीओ व जेई तलब, एसडीएम ने लगाई कड़ी फटकार

Spread the love

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में अघोषित और मनमानी बिजली कटौती से नाराज अधिवक्ताओं के आक्रोश के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दुद्धी अशोक गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। एसडीएम ने बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) को तत्काल अपने कार्यालय में तलब किया। उन्होंने तहसील मुख्यालय सहित पूरे क्षेत्र की चरमराई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।एसडीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया कि तहसील मुख्यालय पर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।
उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों की जाने वाली मनमानी कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हो रही अत्यधिक बिजली कटौती को लेकर अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी थी। अधिवक्ताओं ने इस समस्या को लेकर एसडीएम से शिकायत दर्ज कराई थी और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया था। इसके बाद एसडीएम ने बिजली अधिकारियों की बैठक बुलाकर उन्हें अपनी कार्यशैली सुधारने और तय शेड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की चेतावनी दी। बैठक के दौरान कई अधिवक्ता और तहसील के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *