साइबर टीम ने ठगी के 25 हजार रुपये कराये वापस

Spread the love

बीजपुर, सोनभद्र। थाना बीजपुर की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 25 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नेमना निवासी बबलू कुमार पुत्र गंगाप्रसाद के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने स्कैनर भेजकर उनसे 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराध एवं अपराधियों के नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के दिशा-निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने पोर्टल पर शिकायत का अवलोकन कर ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक शाखा को रिपोर्ट भेजी गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद ठगी की पूरी धनराशि 25 हजार रुपये पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराध की घटना होने पर पीड़ित घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें। साथ ही नजदीकी थाने में सूचना दें अथवा  ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *