शिक्षा, आत्मविश्वास और सही अवसर बालिकाओं को अपने सपनों की ओर बढ़ने की सबसे बड़ी ताकत – परियोजना प्रमुख, एस. एस. राव

Spread the love

एनटीपीसी कोलडैम में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 का समापन

विलासपुर, हि प्र। एनटीपीसी कोलडैम हाइड्रो पावर स्टेशन में नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आयोजित एक माह की आवासीय कार्यशाला बालिका सशक्तिकरण अभियान का भव्य समापन 11 अगस्त 2026 को सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में बालिकाओं ने एक माह की अवधि के दौरान सीखी गई विभिन्न गतिविधियों, कौशल और प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। बालिकाओं द्वारा निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट की प्रदर्शनी लगाने के साथ-साथ योग, सेल्फ डिफेंस, इंग्लिश स्पीकिंग, नृत्य एवं संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं गई। समापन समारोह में एनटीपीसी कोलडैम के परियोजना प्रमुख  एस. एस. राव ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्रीमती अरुणा महाजन, वाइस चेयरपर्सन, सक्षम गुड़िया बोर्ड, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा श्रीमती नर्मदा राव, प्रेसिडेंट, संगिनी संघ एवं बाल भवन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर एनटीपीसी कोलडैम की मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती मंगला हरीन्द्रन, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण)  जी. के. विवेक, उप कमांडेंट, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, विनोद कुमार, डीएवी की प्राचार्या श्रीमती एकता, एनटीपीसी कोलडैम के सभी विभागाध्यक्ष, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) डॉ. अंजुला अग्रवाल, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, संगिनी संघ के पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख  एस. एस. राव ने सभी बालिकाओं को एक माह के सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई देते हुए कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान की वास्तविक सफलता केवल इस कार्यशाला में सीखी गई बातों तक सीमित नहीं है, बल्कि तब है जब ये सीख उनके जीवन का हिस्सा बने। उन्होंने बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे यहां से प्राप्त ज्ञान, आत्मविश्वास और कौशल को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएं तथा अपने आसपास की अन्य बच्चियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और सही अवसर किसी भी बालिका को अपने सपनों की ओर बढ़ने की सबसे बड़ी ताकत देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दें, उनके सपनों को समझें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जब परिवार अपनी बेटियों पर विश्वास करता है, तो बेटियां न केवल अपने भविष्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य को भी मजबूत करती हैं।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती अरुणा महाजन ने जमथल जैसे दूरस्थ गांव में इस स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एनटीपीसी कोलडैम की सराहना की। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण साझा करते हुए बालिकाओं को प्रेरित किया कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है, यदि उसे प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प, क्षमता और आत्मविश्वास हो। उन्होंने बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा सक्षम गुड़िया बोर्ड द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।

समारोह के दौरान बालिकाओं ने बालिका सशक्तिकरण अभियान के एक माह के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस अवधि में उन्होंने सेल्फ डिफेंस, पढ़ाई, खेल, योग, आर्ट एंड क्राफ्ट, पेंटिंग, नृत्य, संगीत और इंग्लिश स्पीकिंग जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जिससे उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव आया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्न प्रदान कर सम्मानित किया गया और बालिकाओं ने इस यादगार अवसर का भरपूर आनंद लिया। इस वर्ष बालिका सशक्तिकरण अभियान का समन्वय स्किल एरा टेक प्राइवेट लिमिटेड की टीम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उप प्रबंधक पूरन सिंह ने बालिका सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के पश्चात एनटीपीसी कोलडैम के अधिकारियों की उपस्थिति में अभिभावकों के साथ सभी बालिकाओं को विदा किया गया। अभिभावकों ने एनटीपीसी कोलडैम की इस पहल की भूरी-भूरी सराहना करते हुए कहा कि एक माह की कार्यशाला के बाद उनकी बेटियों में पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास, सक्रियता और सीखने की इच्छा दिखाई दे रही है। एक माह की यह यात्रा इन बालिकाओं के लिए केवल नई गतिविधियां सीखने का अवसर नहीं रही, बल्कि इसने उन्हें अपने सपनों पर विश्वास करने, आत्मनिर्भर बनने और अपनी सीख को परिवार एवं समाज में सकारात्मक बदलाव के रूप में आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *