जनसुनवाई में मंत्री ए. के. शर्मा सख्त, विद्युत व नगर विकास से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Spread the love

*यूपीपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कराया शिकायतों का समाधान*

आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें सुनिश्चित:मंत्री ए के शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए. के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विद्युत बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर स्थापना, पेयजल, सीवर, सफाई, अतिक्रमण सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

मंत्री श्री शर्मा ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।

जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंत्री श्री शर्मा ने आज विशेष रूप से ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर यूपीपीसीएल के निदेशक (वाणिज्य) श्री ध्यान मथाई तथा निदेशक (तकनीकी) श्री जी. डी. द्विवेदी जनसुनवाई में उपस्थित रहे। मंत्री श्री शर्मा ने दोनों अधिकारियों को विद्युत संबंधी शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है तथा प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *