भुवनेश्वर, । भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध पुरी रथयात्रा के अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन ने ‘पुरी रथयात्रा सेवा-2026’ का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत लाखों श्रद्धालुओं, फ्रंटलाइन कर्मियों और प्रशासन को व्यापक सहयोग प्रदान किया जाएगा। रिलायंस द्वारा श्रद्धालुओं एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस तथा अन्य कर्मियों के लिए निःशुल्क सात्विक भोजन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लगभग 50 किलोमीटर के प्रमुख यात्रा मार्गों पर 90 पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग, स्वयंसेवकों की तैनाती, स्वच्छता अभियान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। सेवा गतिविधियों के प्रभावी संचालन और समन्वय के लिए जीआईएस आधारित तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत एम. अंबानी ने कहा कि “मानव सेवा ही प्रभु सेवा है। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और सेवा में लगे कर्मियों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।” उन्होंने कहा कि कंपनी सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम रथयात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य कर रही है। रिलायंस फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से पुरी रथयात्रा के दौरान सामुदायिक सेवा से जुड़ा हुआ है और इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने में अपना योगदान दे रहा है।
