41 इकाइयों पर छापेमारी, 111 नमूने लिए गए, 144.5 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त
लखनऊ। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, द्वारा निर्गत निर्देशों एवं निर्धारित निरीक्षण बिंदुओं के अनुपालन में खाद्य पदार्थ दूध व दुग्ध उत्पाद यथा दूध ,पनीर, दही, एवं घी में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम हेतु चिन्हित जनपदों में अन्तर्जनपदीय टीम द्वारा एक दिवसीय औचक निरीक्षण एवं विशेष छापामार प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस विशेष अभियान के अंतर्गत दूध व दुग्ध उत्पाद यथा पनीर, दही, एवं घी आदि की निर्माण इकाइयों, मिल्क चिलिंग सेन्टर तथा मिल्क कलेक्शन सेन्टर एवं गोदामों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान की गंभीरता के दृष्टिगत अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, कच्चे माल की गुणवत्ता, अभिलेखों के अनुरक्षण, पैकेजिंग एवं लेबलिंग प्रावधानों तथा संभावित अपमिश्रण की जांच करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

इस विशेष अभियान के दौरान 41 दूध एवं दुग्ध उत्पाद विनिर्माण इकाई /प्रतिष्ठानों पर 32 अन्तर्जनपदीय टीमों द्वारा कार्यवाही सम्पादित की गयी। जिसमें कुल 111 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। साथ ही 144.5 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किया गया, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग 65 लाख रुपये (पैसठ लाख रुपये) है। इसके अतिरिक्त अस्वच्छकर एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां निर्माण परिसर में पाए जाने के कारण तथा अन्य कमियों हेतु कुल 15 इकाइयों को सुधार सूचना जारी की गयी है। जनपद फिरोजाबाद के मेसर्स पातीराम धनसुखदास जैन, निकट नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद की यूनिट को बंद कर भाग जाने के कारण संबंधित प्रतिष्ठान को सील करते हुए नोटिस चस्पा की गई, कुछ प्रमुख कार्यवाहियों का विवरण निम्नवत है-
1.गौतम बुद्ध नगर -साइरस फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, फेस 2 नोएडा में स्थित निर्माण इकाई से 6 नमूने संग्रहित करते हुएअस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पनीर निर्माण किये जाने के कारण 10983 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 44 लाख रुपए है।
2- जनपद आगरा के थाना कगरौल स्थित महबूब डेरी विनिर्माण इकाई से घी का एक नमूना संग्रहित करते हुए अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में निर्माण किये जाने के कारण 1050 किलोग्राम घी जब्त किया गया जिसका अनुमानित मूल्य 6.3 लाख रुपये है।
3- जनपद फिरोजाबाद के रतन घी डिपो प्राइवेट लिमिटेड में घी के दो नमूने संग्रहित करते हुए कुल 1318 किग्रा0 घी को अस्वच्छकर परिस्थितियों एवं लेवलिंग डिफेक्ट्स के कारण जब्त किया गया जिसका अनुमानित मूल्य 8 लाख रुपये है।
4- जनपद मेरठ स्थित कैलाश डेयरी से चार नमूने संग्रहित करते हुए खाद्य पदार्थ घी को अस्वच्छकर परिस्थितियों में निर्माण किए जाने के कारण 499 किग्रा0 घी जब्त किया गया जिसका अनुमानित मूल्य 3.5 लाख रुपये है।
5- जनपद मुरादाबाद, थाना कटघर स्थित ताहिर एंड संस की विनिर्माण इकाई से घी एवं क्रीम के नमूने एकत्रित करते हुए अस्वच्छकर परिस्थितियों एवं लेवलिंग डिफेक्ट्स के कारण 420 किलोग्राम घी जब्त किया गया जिसका अनुमानित मूल्य 3 लाख रुपये है। इस सम्बन्ध में विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि जन स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए स्थानीय स्तर पर निर्माण किये जाने वाले एवं अन्य प्रदेशों से आपूर्ति किये जाने वाले खाद्य पदार्थ के ब्राण्ड्स पर सतत रुप से निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाये ।
