17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर लगेंगे विशेष कैंप

Spread the love

 मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण’

सोनभद्र। जिला निर्वावच अधिकारी चर्चित गौड़ ने ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
विशेष कैम्प दिवसों पर जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10रू00 बजे से अपराह्न 04.00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि एवं पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने एवं मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। कैम्प के दौरान प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा उनका निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा सके।
विशेष कैम्पों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी कैम्पों की तिथियों की जानकारी दी जाएगी। कैम्पों के चयनित फोटो एवं वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे।अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा कैम्पों का पर्यवेक्षण किया जाएगा। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी विशेष कैंप दिवसों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर निर्धारित तिथियों में कैम्प का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, प्राप्त होने वाले फार्मों का उचित रखरखाव, नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न आने पाए।जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *