उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वित्त पोषित परियोजना का चंदौली में उच्च स्तरीय निरीक्षण

Spread the love

एकीकृत कृषि प्रणाली से केवीके उन्नत ग्राम के किसानों की आय बढ़ाने पर दिया गया बल 

चंदौली। उत्तर प्रदेश काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च  द्वारा संचालित परियोजना के अंतर्गत रविवार को जनपद चंदौली में चल रही गतिविधियों का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया। यह परियोजना काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) एवं कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के सकलडीहा, चहनिया, चकिया, नौगढ़ एवं शहाबगंज विकास खंडों में संचालित की जा रही है। परियोजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम को बढ़ावा देना है।परियोजना के अंतर्गत लगभग 400 किसानों का बेसलाइन सर्वेक्षण कर उनकी वर्तमान कृषि व्यवस्था का अध्ययन किया गया है। इसी के आधार पर प्रत्येक क्षेत्र के अनुरूप एकीकृत कृषि प्रणाली मॉडल विकसित किए जा रहे हैं, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन एवं अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध हो सकें।निरीक्षण दल का नेतृत्व डॉ. आर. आर. सिंह ने किया। दल में उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के उप-महानिदेशक  डॉ. राजर्षि गौर , डॉ. अभिजीत, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर से डॉ. एस. के. मौर्य, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. आशुतोष मिश्रा, कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से डॉ. अखिलेश पाल, डॉ. प्रतीक सिनोधिया, डॉ. सर्वेश कुमार एवं अरविंद पटेल उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत चकिया विकासखंड के फिरोजपुर गांव से हुई, जहां परियोजना के अंतर्गत विकसित इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम  मॉडल का अवलोकन कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने मॉडल का निरीक्षण किया। डॉ. राजर्षि गौर ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा परियोजना से जुड़कर अधिकतम लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम (IFS) किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में अत्यंत प्रभावी मॉडल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना के माध्यम से चंदौली के कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़े किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, विविधीकृत कृषि प्रणाली एवं वैज्ञानिक मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *